यौन शोषण मामले में दोषी करार हुए डोनाल्ड ट्रंप, 5 मिलियन डॉलर का लगा जुर्माना

वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मैनहैटन संघीय अदालत ने यौन शोषण और मानहानि के मामले में दोषी ठहराया है। अदालत ने डोनाल्ड ट्रंप पर पांच मिलियन अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया है। बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर 1990 के दशक में एक महिला के साथ यौन शोषण का आरोप लगा है। 79 वर्षीय पूर्व लेखिका जीन कैरोल ने ट्रंप पर मुकदमा दायर किया था। जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने बर्गडॉर्फ गुडमैन स्टोर के चेंजिंग रूम में उसके साथ दुष्कर्म किया था। उन्होंने कहा कि इस मामले को सार्वजनिक करने में 20 साल से अधिक का समय लगा क्योंकि वह ट्रंप से डरी हुई थी।

 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अक्टूबर 2022 में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, अदालत ने ट्रंप को दुष्कर्म का दोषी नहीं पाया है। अदालत ने कैरोल के इस दावे को खारिज कर दिया कि डोनाल्ड ट्रंप ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

हालांकि ट्रंप ने खुद पर लगे आरोपों को नकारते हुए कहा था कि श्यह घटिया और हास्यास्पद कहानी है और यह बनाई गई है, इसमें कोई सच्चाई नहीं है। उल्लेखनीय है कि लेखिका कैरोल ने अक्तूबर 2022 में एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खुलासा किया था कि 90 के दशक में ट्रंप ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। वहीं ट्रंप ने इसे बनाई गई कहानी करार दिया था और दुष्कर्म के आरोपों से इंकार किया था।

ट्रंप के खिलाफ दो अन्य महिलाओं ने भी यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। जिनमें पीपल मैगजीन की पूर्व रिपोर्टर नताशा स्टेनॉफ का नाम शामिल है। नताशा का आरोप है कि ट्रंप ने 2005 में अपने फ्लोरिडा स्थित मार ए लोगो क्लब में उसके साथ बदतमीजी की थी। वहीं ट्रंप पर आरोप लगाने वाली दूसरी महिला जेसिका लीड्स ने भी आरोप लगाए हैं कि साल 1979 में ट्रंप ने उसका यौन उत्पीड़न किया था।

Harnam
Author: Harnam

Leave a Comment